मालवा

विदिशा का ऐतिहासिक महत्व

अमितेश कुमार


विदिशा भारतवर्ष के प्रमुख प्राचीन नगरों में एक है। जो हिंदू तथा जैन धर्म के समृद्ध केन्द्र के रुप में जानी जाती है। जीर्ण अवस्था में बिखरे पड़े कई खंडहरनुमा इमारतें यह बताती है कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक दृष्टि कोण से मध्य प्रदेश का सबसे धनी क्षेत्र है। धार्मिक महत्व के कई भवनों को मुस्लिम आक्रमणकारियों ने या तो नष्ट कर दिया या मस्जिद में बदल दिया। महिष्मती (महेश्वर) के बाद विदिशा ही इस क्षेत्र की सबसे पुराना नगर माना जाता है। महिष्मती नगरी के ह्रास होने के बाद विदिशा को ही पूर्वी मालवा की राजधानी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसकी चर्चा वैदिक साहित्यों में कई बार मिलता है।

प्राचीनकाल में यहाँ यदुवंशी है। आमीरों का अधिपत्य था, वे बड़े सशक्त व बलशाली थे। मान्यता है कि वैदिक काल में किसी आर्यदेवी ने यहाँ के महिष नामक राजा को पराजित किया था, अतः आज भी यहाँ के सभी गाँवों में महिषासुर या भैंसासुर की पूजा होती है। सूर्यवंशी राजा सगर और श्रीराम के समय से वहाँ इक्ष्वाकुवंश के अधिपत्य का पता चलता है। कहा जाता है कि श्रीराम के अनुज शत्रुघ्न ने अश्वमेघ यज्ञ के दौरान हराकर यह क्षेत्र अपने पुत्र शत्रुघाती या यूपकेतु (कहीं- कहीं सुबाहु) को सौप दिया।

स्कंद पुराण के अनुसार वाल्मिकी ॠषि, जो अग्नि शर्मा के नाम से बताये गये हैं, इसी क्षेत्र के निवासी थे। वही शंख ॠषियों के सानिध्य में रहकर वे प्रसिद्ध महर्षि बने।

ई. पू. ५ वीं - ६ वीं सदी में महात्मा बुद्ध के समय विदिशा का विकास चरमोत्कर्ष पर था। भारत मध्य में स्थित होने के कारण यह चारों तरफ से अनेक महत्वपूर्ण व्यापारिक केन्द्रों को जोड़ता था। जहाँ पुरब की तरफ यह कौशाम्बी, काशी तथा पाटलिपुत्र जैसे नगरों से जुड़ा था, वहीं पश्चिम की ओर से भरुकच्छ (भरुच) व सुर्पारक (सोपारा) जैसे बंदरगाहों से संबद्ध था। दक्षिण की तरफ से यह तत्कालीन प्रतिष्ठित नगर पैठ से जुड़ा था। यहाँ के समृद्ध व्यापारियों ने भी यहाँ के स्तुप व अन्य छोटे- बड़े भवनों के निर्माण में अपना योगदान दिया।

ऐतिहासिक स्रोतों के अनुसार मौर्य शासक अशोक ने यहीं की व्यापारी की पुत्री से विवाह किया। उसके ऋदय में इस नगर के प्रति विशेष सम्मान था। मौर्यों के बाद शुंग शासकों ने इस पर अधिपत्य किया। उनकी एक शाखा ने विदिशा पर राज किया। इसके बाद नाग व सातवाहन वंश ने इस पर शासन चलाया। उनके काल में भी यह शुगों की तरह हिंदू धर्म का केंद्र रहा। गुप्तकाल तक विदिशा का महत्व बना रहा, लेकिन उसके बाद इसका पतन शुरु हो गया। कहा जाता है कि कुछ प्राकृतिक कारणों से नगर के समीप बहती नदी बेतना सूख गई या फिर कुछ राजनैतिक समस्या पैदा हो गई , जिससे वहाँ की आबादी नदी के दक्षिणी किनारे की तरफ बस गयी, जो बाद में भीलसा के नाम से जानी जाने लगी। 

सल्तनत काल में भेलसा राज्य के एक सूर्ब का केन्द्र था, जहाँ सुबेदार रहता था। मुगलों के समय इस नगर का कोई खास राजनैतिक महत्व नहीं था। यह एक छोटे से प्रशासनिक इकाई का केंद्र था। औरंगजेब द्वारा अपने नाम पर रखा गया शहर का नाम "आलमगीरपुर' भी सामान्य लोगों के बीच प्रसिद्ध नहीं हो पाया। १८ वीं सदी में यह स्थान मराठों के अधिपत्य में आ गया और अंग्रजों के समय तक उन्हीं के अधिपत्य में रहा।

इस प्रकार यहाँ इतिहास ने अनेक पीढियों तक अपने चिंह छोड़े। आज संपूर्ण विदिशा- मंडल पर्यटकों एवं दर्शकों की रुचि के ऐतिहासिक एवं दर्शनीय प्राचीन स्मारकों से भरा पड़ा है।

 

विषय सूची


Top

Copyright IGNCA© 2004